हिसार : स्वास्थ्य की अलख जगाते हुए दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा 26 मार्च को सेवार्थ भाव से निशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अनुभवी व प्रशिक्षित चिकित्सक निशुल्क नेत्र ऑपरेशन करेंगे। इसके साथ ही यथासंभव दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग भी निशुल्क वितरित किए जाएंगे।
  हरियाणा भारत विकास फाउंडेशन दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अध्यक्ष डॉ. रोशनलाल गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष सीए रामनिवास अग्रवाल व सचिव मांगेराम गुप्ता ने बताया कि निशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर में समाजसेवी व रचनात्मक सोच रखने वाले नागरिकों का विशेष सहयोग रहता है। आंखों के सफेद मोतियाबिंद से पीड़ित बहुत से बुजुर्ग अपने स्तर पर नेत्र ऑपरेशन नहीं करवा पाते। 
ऐसे बुजुर्गों व अन्य जरूरतमंद लोगों की आंखों का ऑपरेशन दिव्यांग केंद्र में निशुल्क किया जाता है। इसी भांति बहुत से दिव्यांग बंधु अपने स्तर पर कृत्रिम अंग निर्मित नहीं करवा पाते। इसलिए दिव्यांगजनों को दिव्यांग केंद्र की कृत्रिम अंग निर्माणशाला के माध्यम से निशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाए जाते हैं।
  उन्होंने बताया कि दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में नेत्र जांच, नेत्र चिकित्सा व नेत्र ऑपरेशन की तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं और अनुभवी व प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा ही समस्त कार्य किए जाते हैं। दिव्यांग केंद्र में नेत्र चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ दंत चिकित्सा व फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध है। यहां पर लाला देवीचंद ग्रोवर कृत्रिम अंग निर्माणशाला भी उपलब्ध है जिसमें कृत्रिम अंगों का निर्माण करके दिव्यांग बंधुओं को निशुल्क प्रदान किए जाते हैं। इसके साथ ही मॉडयूलर लिम्स भी निशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।