अंबाला, 7 नवंबर (आर. सिंह):- अंबाला साइबर क्राइम पुलिस थाने की टीम ने फर्जी ट्रेडिंग के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को सितंबर 2026 में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इन गिरफ्तारियों के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या सात हो गई है।
मामले के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने बताया कि अंबाला छावनी निवासी विजय कुमार ने 7 दिसंबर, 2024 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 10 अक्टूबर, 2024 से 19 नवंबर, 2024 के बीच अज्ञात साइबर ठगों ने उसे ऑनलाइन निवेश के जरिए अधिक मुनाफे का लालच दिया और फर्जी ट्रेडिंग योजना में फंसाकर कुल 16 लाख रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी जानकारियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चार अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के संबंध राजस्थान और उत्तर प्रदेश से हैं। आरोपियों की पहचान सुरजीत कुमार उर्फ मानस, मूल निवासी गणेश कॉलोनी, जयपुर (राजस्थान), वर्तमान पता श्री श्याम वाटिका, बिंदायका, जयपुर (राजस्थान); सूरज सरोज, निवासी गांव गोमाडीह, लालगंज (उत्तर प्रदेश); तेज प्रताप सिंह, निवासी विजयपुर नानोसार, बिंदायका, जयपुर (राजस्थान); और प्रशांत, निवासी हनुमान एन्क्लेव, गंगा विहार, महर्षि अरविंद कॉलेज के पास, सिरसी, जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
