बलौदा बाजार (छत्तीसगढ़):- छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार-भाटापारा जिले में रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से सीधे टकरा गई। इस हादसे में बस चालक और कंडक्टर समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक यात्री बस जा रही थी, तभी वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या पांच हो गई। शेष 14 घायलों का इलाज जारी है।