होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे 26 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक होशियारपुर स्थित न्यू फील्ड फायरिंग रेंज के निर्धारित खतरे वाले क्षेत्र में प्रवेश न करें। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान 15वीं बटालियन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की ओर से 11 कोर के होशियारपुर फील्ड फायरिंग रेंज में फील्ड फायरिंग अभ्यास किया जाएगा।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि फील्ड फायरिंग अभ्यास के मद्देनजर आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्र में प्रवेश से परहेज करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे निर्धारित अवधि के दौरान फायरिंग रेंज के प्रतिबंधित एवं खतरे वाले क्षेत्र से दूर रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

उन्होंने बताया कि होशियारपुर का न्यू फील्ड फायरिंग रेंज शहर से लगभग 16 किलोमीटर उत्तर दिशा में स्थित है और यह करीब 50 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।

डिप्टी कमिश्नर ने जिले के लोगों से अपील की कि वे फील्ड फायरिंग अभ्यास के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इस संबंध में जागरूक करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।