करनाल, 21 जुलाई:- राजकीय महिला महाविद्यालय, बसताड़ा (घरौंडा) में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा हरियाणा में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
प्राचार्या कमलेश रानी के मार्गदर्शन, श्रीमती दीपा ढुल के निर्देशन तथा सहायक प्रोफेसर संदीप कुमार के नेतृत्व में राजनीति विज्ञान विभाग एवं इलेक्टोरल क्लब द्वारा निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, रैली और जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए।
संदीप कुमार ने विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य एवं मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाना है।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में बी.कॉम तृतीय वर्ष की छात्रा खुशी ने प्रथम, बी.कॉम द्वितीय वर्ष की काजल ने द्वितीय तथा अनुष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. हितेंद्र, अनुराधा, अपूर्वा, पूजा, ममता, डॉ. अनुप्रिया, संजय कुमार सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।