चंडीगढ़/ऊना, 4 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- प्रोविडेंट फंड सब्सक्राइबर एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ईपीएस-95 कोऑर्डिनेशन कमेटी की राष्ट्रीय स्तर की बैठक इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स, सेक्टर-19 ए, चंडीगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
इस बैठक में एनएफएल एक्स-एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े नंगल एवं नया नंगल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए ईपीएस-95 कोऑर्डिनेशन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश येनडे तथा महासचिव प्रकाश पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट के 4 नवंबर 2022 के कर्मचारियों के हित में दिए गए फैसले के बावजूद अभी तक हायर पेंशन का लाभ पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भीमराव डोंगरे ने कहा कि यदि आगामी चुनाव से पहले हायर पेंशन लागू नहीं की गई तो संगठन की ओर से मौजूदा सरकार के खिलाफ मतदान करने का आह्वान किया जाएगा।
इस अवसर पर एनएफएल एक्स-एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं ईपीएस-95 कोऑर्डिनेशन कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एम.जी. गौरव तथा उपाध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया ने घोषणा की कि हायर पेंशन की मांग को लेकर आगामी 15 दिसंबर को मुख्य प्रोविडेंट फंड आयुक्त, नई दिल्ली के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी पेंशन में अपेक्षित बढ़ोतरी एवं हायर पेंशन का लाभ नहीं दिया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
बैठक में नया नंगल से उपाध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया, संगठन सचिव गुरप्रीत सिंह अरोड़ा, कार्यकारिणी सदस्य हरि राम, हरिंदर सिंह, सतवीर सिंह, राजिंदर पाल सिंह, रत्न चंद, रोशन लाल, मनजीत सिंह, करम सिंह, सुरिंदर कुमार गौतम, हरि राम सैनी,हरचरण सिंह, विजय कुमार, आशा राणा सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
