अंबाला, 24 अक्टूबर (आर. सिंह):- महर्षि वाल्मीकि के प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में वाल्मीकि फ्रंट सभा की ओर से शनिवार शाम को अंबाला छावनी के प्रगति विहार में एक जुलूस निकाला गया, जिसमें हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
श्री विज ने प्रगति विहार स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर परिसर में श्री नर्मदेश्वर महादेव और महर्षि वाल्मीकि की मूर्तियों के समक्ष माथा टेका तथा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रकट दिवस की सभी को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले, वहां पहुंचने पर ऊर्जा मंत्री का मंदिर प्रबंधन समिति, वाल्मीकि फ्रंट सभा और अन्य लोगों ने मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने प्रगति विहार में महर्षि वाल्मीकि धर्मशाला के निर्माण के लिए वाल्मीकि फ्रंट सभा को अपनी स्वैच्छिक निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
ऊर्जा मंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमें महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं और सिद्धांतों का पालन करके अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सभा के पदाधिकारियों ने सम्मान के प्रतीक के रूप में मुख्य अतिथि को पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट करके उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ललित प्रसाद, मंदिर प्रबंधन समिति एवं वाल्मीकि फ्रंट सभा अंबाला के अध्यक्ष हितेश हनी, उपाध्यक्ष काला जी, हीरो लाल पहलवान, पार्षद गौरव सैनी, पार्षद श्याम सुंदर, एससी मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र, भाजपा नेता आरती सहगल तथा सभा के अन्य सदस्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
