हरोली/ऊना, 22 जून (राजवीर चोपड़ा):-  “निक्षय का संदेश अपनाएं, टीबी मुक्त भारत बनाएं” के संकल्प के साथ सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली द्वारा ग्राम भरसाली अपर में विशेष निक्षय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान 82 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 67 लैब जांचें एवं एक्स-रे सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। इसके साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाइयां एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को टीबी मुक्त भारत अभियान से जोड़ना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना रहा। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को बताया कि टीबी का समय पर पता लगने और नियमित उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है। ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त कर विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान जाना।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार, एसटीएस सतीश कुमार, गुलशन कुमार, निहाल सिंह, मनीष, आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा प्रधान जसवंत सिंह उपस्थित रहे और अपनी सेवाएं प्रदान कीं। सभी ने मिलकर स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा के इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं, बल्कि लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर के समापन पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया — “निक्षय का संदेश अपनाएंगे, टीबी मुक्त भारत बनाएंगे।”