डेरा बस्सी:- इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों (ईएलसी) की ओर से सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मुबारकपुर और श्री सुखमनी ग्रुप ऑफ कॉलेजिज, डेरा बस्सी में विधानसभा क्षेत्र स्तरीय क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, मतदाता पंजीकरण और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी स्वीप प्रोफेसर गुरबख्शिश सिंह अंटाल और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) अमित गुप्ता उपस्थित रहे। स्कूल प्रिंसिपल रूमा रानी और प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

क्विज प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया, जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। चयनित टीमें और प्रतिभागी मोहाली में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिताओं के दौरान मतदाता पंजीकरण के महत्व पर भी जोर दिया गया। विशेष रूप से 1 जनवरी, 2027 को मतदाता पंजीकरण की अर्हता तिथि के रूप में ध्यान में रखते हुए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। आगे की प्रतियोगिताएं सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोहाना और स्कूल ऑफ एमिनेंस, खरड़ में आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता 19 नवंबर को होगी।