हांसी, 5 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सोमवार को एसडी महिला महाविद्यालय हांसी में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कुल 10 परिवादों की सुनवाई की गई, जिनमें से सात का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष तीन परिवादों के संबंध में जांच कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बास बादशाहपुर गांव के किसानों की मांग पर 14 एकड़ खेतों तक जाने वाले कच्चे रास्ते को पक्का करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने खेतों तक आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों को जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरा किया जाए।

सिंधड़ गांव निवासी सुभाष की शिकायत पर बिजली लाइन बिछाने के निर्देश

सिंधड़ गांव निवासी सुभाष द्वारा प्रस्तुत की गई शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान करते हुए फसल कटाई के बाद बिजली लाइन बिछाने का कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

मसूदपुर की रामरति देवी की जमीन की दोबारा निशानदेही के निर्देश

मसूदपुर गांव निवासी रामरति देवी द्वारा जमीन की निशानदेही से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिक्षा मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जमीन की निशानदेही का कार्य दोबारा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य की जिम्मेदारी एसडीएम को सौंपते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए जमीन की निशानदेही का कार्य निशुल्क करवाया जाए।

खेड़ी जालब के मामले में तीन सदस्यीय कमेटी गठित

गांव खेड़ी जालब निवासी रामविलास द्वारा प्रस्तुत शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जिला परिवेदना समिति के तीन सदस्यों की कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमेटी को मामले की जांच कर उपायुक्त को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अवैध कब्जे की शिकायत पर पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

हांसी निवासी विनोद कुमार ने शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनके प्लाट पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें जमीन का कब्जा दिलवाने की मांग रखी। शिक्षा मंत्री ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटवाया जाए और वास्तविक जमीन मालिक को उसका कब्जा दिलवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अवैध कब्जा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

माजरा गांव के ग्रामीणों को 100-100 वर्ग गज के प्लाट उपलब्ध करवाने के मामले में प्रस्ताव सरकार को भेजा

माजरा गांव के निवासियों द्वारा 100-100 वर्ग गज के प्लाट उपलब्ध करवाने संबंधी समस्या भी बैठक में रखी गई। संबंधित अधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को अवगत करवाया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

सिंघवा राघो के राजकुमार के फसल बीमा क्लेम मामले में जांच के निर्देश

सिंघवा राघो गांव निवासी राजकुमार ने फसल नुकसान का बीमा क्लेम दिलवाने संबंधी शिकायत रखी। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता को बीमा क्लेम की राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। शिकायतकर्ता की मांग पर शिक्षा मंत्री ने एसडीएम को पूरे मामले की जांच कर उपायुक्त को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला परिवेदना समिति में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध करवाना है। किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

हांसी पहुंचने पर विधायक विनोद भयाना ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

बैठक में डीसी राहुल नरवाल, एसपी विनोद कुमार, एडीसी लक्षित सरीन, जिला परिषद अध्यक्ष सोनू सिहाग डाटा, नगर परिषद के अध्यक्ष प्रवीण इलाहाबादी, एसडीएम राजेश खोथ, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, सिविल सर्जन डॉ राहुल बुद्धिराजा, डीआरओ राजकुमार, डीईटीसी तरुणा लांबा, रोशन लाल श्योराण, विनोद श्योराण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, विजेंद्र लोहान, राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, तनुज खुराना, गोल्डी सैनी, विजय सैनी, श्याम खांडा, रमेश नायक, देव शर्मा, वजीर सिंह, ओमपाल, अशोक ढालिया सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी व परिवादी उपस्थित रहे।