अंबाला, 4 अक्तूबर (डॉ. रतन सिंह ढिल्लों):- अंबाला छावनी स्थित प्रसिद्ध शिक्षाविद, राजनीति शास्त्र के अंतरराष्ट्रीय विद्वान और कवि तथा मार्कंडा नेशनल कॉलेज शाहाबाद के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. विनय कुमार मल्होत्रा को ग्वालियर (मध्य प्रदेश) की साहित्य कला परिषद द्वारा उनकी साहित्यिक उपलब्धियों और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही उन्हें “साहित्य जगत का कोहिनूर पुरस्कार” तथा उनके दो काव्य संग्रहों ‘बहुवर्णी’ (2025) और ‘कवि हृदय’ (2026) के लिए “साहित्य आचार्य” की उपाधि से भी सम्मानित किया गया है। ये पुरस्कार डॉ. मल्होत्रा को परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रमेश कटारिया पारस द्वारा प्रदान किए गए।

उल्लेखनीय है कि डॉ. विनय कुमार मल्होत्रा पंजाबी और हिंदी दोनों भाषाओं में काव्य रचना करते हैं और मंच पर अपनी प्रस्तुति के लिए जाने जाते हैं। वह अब तक 30 पुस्तकें और करीब 200 लेख प्रकाशित करवा चुके हैं। समकालीन मुद्दों पर उनके लेख अक्सर अखबारों में प्रकाशित होते रहते हैं। वह अंतरराष्ट्रीय लेखक हैं, जिनकी 23 पुस्तकें अंतरराष्ट्रीय संबंधों, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और विदेश नीति पर हैं, एक पुस्तक लेखों की है और छह कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। इससे पहले डॉ. मल्होत्रा को साहित्य कलश, पटियाला द्वारा “साहित्य गौरव सम्मान-2024”, भारत की भ्रष्टाचार विरोधी फाउंडेशन द्वारा शिक्षा रत्न पुरस्कार, इंडियन एसोसिएशन फॉर अमेरिकन स्टडीज द्वारा ओलिव रेडिक पुरस्कार और गिलमोर पुरस्कार भी मिल चुके हैं।