हरोली/ऊना, 15 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती जिला ऊना के समूर कलां और बरनोह में बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री गुरु रविदास कमेटी द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडवोकेट नरेश कुमार (प्रधान, जिला ऊना, डॉ. बी.आर. अंबेडकर जन कल्याण फाउंडेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश) उपस्थित रहे। उनके साथ हरिचंद संधू, नरेश कटनोरिया, कृष्ण और अश्विनी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि नरेश कुमार ने बाबा साहेब के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को अपनाएं और समाज की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करें। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा और सकारात्मक कार्यों की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिताएं श्री संसार चंद एवं श्रीमती रेशमो देवी के सुपुत्र अंकुश कुमार के सौजन्य से आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना था।
आयोजित प्रतियोगिताओं में परीक्षा, चित्रकला, गायन, नृत्य, मॉडलिंग और भाषण शामिल रहे। बच्चों को इन प्रतियोगिताओं के लिए भारती दड़ोच, अलका और तमन्ना ने मार्गदर्शन देकर तैयार किया। बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
समारोह के दौरान खेल जगत में क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली मन्नत कौर (सुपुत्री श्री रनवीर पुरेवार, गांव सौड) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने नेशनल डिस्कस थ्रो में विजेता बनकर यह उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ सदस्य धनी राम, मोन लाल, चमन लाल, किशोरी लाल तथा कमेटी सदस्य राजीव कुमार, हरीश कुमार, विनोद कुमार, सनी कुमार, जीवन भरमोता, रक्षपाल, सुरजीत, राकेश कुमार, पवन कुमार और जीवन सरवाल आदि शामिल रहे।
