ऊना, 2 मार्च:- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग (एससी सेल) की जिला स्तरीय बैठक जिला ऊना में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष वलराम महें ने की। इस अवसर पर विभाग के मुख्य सलाहकार कामरेड जगत शर्मा सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की। संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, गांव-गांव पहुंच बढ़ाने तथा अनुसूचित जाति वर्ग के अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा से जोड़ने पर गहन चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष वलराम महें ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस का अनुसूचित जाति विभाग सामाजिक न्याय, समान अधिकार और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय समन्वयक कर्मवीर बौद्ध के निर्देशानुसार जिला ऊना की सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में 15 मार्च तक ब्लॉक कार्यकारिणी गठित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही आगामी समय में विशेष सदस्यता अभियान चलाने तथा विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति बनाई गई, ताकि समाज के वंचित वर्गों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
इस अवसर पर ब्लॉक कुटलेहड़ के अध्यक्ष गुरपाल कलसी, ब्लॉक ऊना के अध्यक्ष सुभाष चंद, चिंतपूर्णी के अध्यक्ष जगदीश राम महाशा, ब्लॉक हरोली के अध्यक्ष बलबीर चंद तथा मीडिया इंचार्ज दलवीर कौर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को नई ऊर्जा, उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ गांव स्तर तक विस्तार करने के संकल्प के साथ किया गया। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की जिला स्तरीय बैठक ऊना में संपन्न संगठन विस्तार पर बनी रणनीति
