होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- जिला मजिस्ट्रेट होशियारपुर आशिका जैन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जिले में विभिन्न प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के तहत किसी भी व्यक्ति, सामाजिक या धार्मिक संगठन द्वारा सार्वजनिक सभाओं, धार्मिक स्थलों, विवाह समारोहों या अन्य आयोजनों में किसी भी समुदाय के खिलाफ नफरत भरे भाषण देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में गर्मियों के दौरान शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक और सर्दियों के दौरान शाम 5 बजे से सुबह 7 बजे तक गोवंश के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही गोवंश रखने वाले लोगों को अपने पशुओं का पंजीकरण पशुपालन विभाग के पास करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी एक अन्य आदेश के अनुसार, जिला होशियारपुर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कोई भी व्यक्ति, पंचायत, नगर परिषद या नगर पंचायत संबंधित उपमंडल मजिस्ट्रेट की लिखित पूर्व अनुमति के बिना किसी भी तालाब को नहीं भर सकेगी।
एक अन्य आदेश जारी करते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने जिले के सभी गांवों की गलियों और रास्तों में अवैध बोरिंग करने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। ये सभी आदेश 7 जनवरी, 2027 तक लागू रहेंगे।
