हांसी (दिनकर गावड़ी):- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के मार्गदर्शन में CIA-1 हांसी ने वन्यजीव विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन्यजीव तेंदुए की खाल सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनू कुमार पुत्र ओमप्रकाश, निवासी गांव पेटवाड़, जिला हांसी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तेंदुए की खाल बरामद की है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गांव पेटवाड़ निवासी सोनू कुमार के पास संरक्षित वन्यजीव तेंदुए की खाल है और वह उसे छिपाने के लिए पेटवाड़ से थूराना जाने वाली सड़क के पास खेतों की ओर जाने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वन्यजीव विभाग और अपराध अनुसंधान शाखा (CIA) हांसी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।
इसके बाद वन्यजीव विभाग और CIA हांसी की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक युवक कपड़े का थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह वापस मुड़कर जाने लगा, जिस पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पेटवाड़ निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से संरक्षित वन्यजीव तेंदुए की खाल बरामद हुई।
बरामद खाल की माप करने पर उसकी कुल लंबाई 207 सेंटीमीटर, चौड़ाई 128 सेंटीमीटर और पूंछ की लंबाई 80 सेंटीमीटर पाई गई। नियमानुसार खाल का नमूना अलग निकालकर सीलबंद किया गया तथा शेष खाल को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस कब्जे में ले लिया गया।
थाना नारनौंद में आरोपी सोनू कुमार के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50, 51(A), 52(A) और 55 के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
