हांसी(दिनकर गावड़ी):- मुख्यमंत्री के राखीगढ़ी दौरा कार्यक्रम के दौरान निर्धारित ड्यूटी के निर्वहन में लापरवाही बरतने के मामले में उपायुक्त राहुल नरवाल ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के नारनौंद एसडीओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। इस संबंध में उपायुक्त की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव,सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग,चंडीगढ़ को पत्र भेजकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।


डीसी द्वारा जारी पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री के राखीगढ़ी दौरा कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटियां निर्धारित की गई थीं। इसी क्रम में उपायुक्त द्वारा दिनांक 14 अक्टूबर 2026 के माध्यम से अजय सिंह, एसडीओ नारनौंद की ड्यूटी बतौर लाइजन अधिकारी लगाई गई थी। इस जिम्मेदारी के तहत संबंधित अधिकारी को निर्धारित व्यवस्थाओं एवं समन्वय संबंधी दायित्वों का निर्वहन करना था।


मामले में संबंधित अधिकारी द्वारा अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने का मामला सामने आने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। इस संबंध में अजय सिंह से स्पष्टीकरण भी मांगा गया। प्राप्त स्पष्टीकरण का परीक्षण करने के साथ-साथ मामले की वास्तविक स्थिति एवं संबंधित तथ्यों की जानकारी के लिए एसडीएम नारनौंद तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, हांसी से भी टिप्पणी एवं रिपोर्ट प्राप्त की गई।


उपायुक्त द्वारा अब संबंधित अधिकारी की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब तथा दोनों अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट को संलग्न करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है।


उपायुक्त ने विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से अनुरोध किया है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों एवं प्राप्त रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए एसडीओ नारनौंद के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।