गढ़शंकर 20 नवंबर : (हरी कृष्ण गंगड़) पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित समागमों की श्रृंखला तहत वाराणसी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से चार शोभा यात्राएं सजाई जाएंगी जो 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब में पहुंचेंगी जिसके बाद 4, 5 और 6 दिसंबर को लगातार बड़े स्तर पर धार्मिक समागम करवाए जाएंगे।

समागमों की रूपरेखा अनुसार तैयारियों और प्रबंधों का जायजा लेने के लिए आज मीनार-ए-बेगमपुरा में उच्च स्तरीय मीटिंग के दौरान बड़ी स्तर पर संगत की आमद के मद्देनजर विचार-विमर्श किया गया। विधान सभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने अधिकारियों को ताकीद की कि समय रहते समागमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। तप अस्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह की मौजूदगी में मार्कफेड के एम.डी. विशेष सारंगल, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और सैर सपाटा विभाग के डायरेक्टर संजीव तिवाड़ी ने विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए संगत के लिए सुखद आवाजाही, रिहायश और लंगर व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि 3 दिसंबर को चार शोभा यात्राएं श्री खुरालगढ़ साहिब में संपूर्ण होंगी जिसके बाद 4 दिसंबर को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अन्य शख्सियतें तप अस्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता मौके इकट्ठा होंगी जिसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा मीनार-ए-बेगमपुरा कॉम्प्लेक्स में गुरु जी के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। 4 दिसंबर को बाद दोपहर संत सम्मेलन और कीर्तन दरबार के बाद शाम 7 बजे गुरु जी के जीवन, शिक्षाओं और फलसफे पर आधारित थ्री डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो होगा।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि दूसरे दिन 5 दिसंबर को चरण छोह गंगा से नगर कीर्तन सजाया जाएगा जिसके बाद कीर्तन दरबार और थ्री डी प्रोजेक्शन होगी। इसी तरह 6 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे और मुख्यमंत्री द्वारा बूटे लगाने की मुहिम का आगाज किया जाएगा। समागम स्थान पर कीर्तन दरबार करवाया जाएगा। श्रद्धालुओं की आमद के मद्देनजर टेंटसिटी में उनके ठहरने का विशेष प्रबंध भी किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुखद आवाजाही के मद्देनजर संबंधित विभागों को सुचारू इंतजाम अमल में लाने के निर्देश दिए गए। इस मौके अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) अमरजीत, एस.डी.एम. गढ़शंकर संजीव कुमार, आर.टी.ओ अमनदीप कौर, सहायक कमिश्नर गुरकंवल सिंह, तप अस्थान श्री खुरालगढ़ साहिब से बाबा नरेश सिंह, बाबा सुखदेव सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारी मौजूद थे।