लालड़ू, 11 अक्टूबर:- पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री तीर्थ स्थान यात्रा योजना’ के तहत डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने लालड़ू के वार्ड नंबर 4 से श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर खाटू श्याम और सालासर बालाजी के पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शनों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा का पूरा खर्च पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाता है और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। पंजाब सरकार की यह पहल लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा भी प्रदान कर रही है।
बस रवाना होने के समय श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान और विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा का धन्यवाद किया।
विधायक रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों के कल्याण और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरतों और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा ऐसी जनहितैषी पहल जारी रखी जाएगी।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री जोरावर सिंह, उपाध्यक्ष श्री अमन राणा, वरिष्ठ नेता रूप राणा, युवा समन्वयक गगनदीप सिंह, पवन शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
