रोहतक:- दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 20 साल की सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम मंगलवार सुबह रोहतक के गांव सुनारिया स्थित जिला जेल से 21 दिनों की फरलो पर बाहर आ गया है। जेल प्रशासन की ओर से उसे 21 दिनों की अस्थायी रिहाई दी गई है।
डेरा प्रमुख सुबह करीब 6:05 बजे पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे के बीच एक एस.यू.वी. गाड़ी से जेल परिसर से बाहर निकला। सुरक्षा कारणों से जेल के आसपास पुलिस की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जानकारी के अनुसार, फरलो के दौरान राम रहीम सिरसा स्थित अपने मुख्य डेरा में रहेगा।
अगस्त 2017 में पंचकूला की विशेष सी.बी.आई. अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद यह 17वां मौका है, जब उसे फरलो या पैरोल पर जेल से रिहा किया गया है। इस साल के दौरान ही यह तीसरी बार है जब वह जेल से बाहर आया है। इससे पहले उसे इसी साल जनवरी महीने में 40 दिन और मई महीने में 30 दिन की फरलो दी गई थी।
उल्लेखनीय है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को दो श्रद्धालु महिलाओं से दुष्कर्म के आरोप में विशेष सी.बी.आई. अदालत ने वर्ष 2017 में दोषी करार देते हुए 20 साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद वह सुनारिया जेल में बंद है।
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिली 21 दिनों की फरलो 17वीं बार आया जेल से बाहर
