पटियाला, 19 नवंबर (परमजीत सिंह परवाना):- उपायुक्त हिमांशु जैन ने पदभार संभालने के बाद अपनी पहली बैठक में जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और विभिन्न योजनाओं के तहत अधिक से अधिक विकास कार्य करवाए जाएं। उन्होंने चल रहे विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देने तथा लंबित कार्यों को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पूरे हो चुके कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा।

इस अवसर पर बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त, उपमंडल मजिस्ट्रेट तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ), विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंताओं और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण और विकास के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट अगली मासिक बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि एक महीने के दौरान किए गए कार्यों और प्रगति का सही आकलन किया जा सके।

बैठक में जिले के सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी उपस्थित थे।