होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री एडवोकेट डी.एस. बागी ने सरकार से मांग की है कि जिला बार एसोसिएशन होशियारपुर के हड़ताल कर रहे वकीलों की मांगें तुरंत स्वीकार की जाएं, ताकि अदालतों का कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे और वकीलों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला बार एसोसिएशन के सदस्य वकील होशियारपुर में कमिश्नर कोर्ट स्थापित करने तथा एडीसी का कार्यभार होशियारपुर में ही निभाने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। एडवोकेट बागी ने हड़ताली वकीलों की मांगों को उचित ठहराते हुए कहा कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आई है, तब से वह जिला होशियारपुर को टुकड़ों में बांटने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार होशियारपुर के वकीलों के अधिकारों पर डाका डालती नजर आ रही है।

उन्होंने कहा कि पहले श्री आनंदपुर साहिब को जिला बनाने और होशियारपुर जिले के एक बड़े क्षेत्र को उसमें शामिल करने की योजना बनाई गई थी। वकीलों सहित सभी वर्गों ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद अंततः सरकार को यह प्रस्ताव छोड़ना पड़ा।

उन्होंने कहा कि अब सरकार द्वारा एडीसी कोर्ट दसूहा में लगाने का प्रस्ताव सामने आया है, जिससे व्यवस्था में भारी उथल-पुथल मच सकती है। होशियारपुर के वकीलों को अपने मामलों की पैरवी के लिए दसूहा जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

एडवोकेट बागी ने आगे कहा कि स्थानीय विधायक ने जिला बार एसोसिएशन के वकीलों से वादा किया था कि डिविजनल कमिश्नर कोर्ट सप्ताह में दो दिन होशियारपुर में लगवाई जाएगी, लेकिन यह वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ। इसके विपरीत एडीसी कोर्ट दसूहा में लगाने का प्रस्ताव आ गया है। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि आम आदमी पार्टी की सरकार होशियारपुर के टुकड़े क्यों करना चाहती है। होशियारपुर एक जिला है और इसे सब-डिवीजन बनाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सरकार से अपील की कि होशियारपुर बार के हड़ताली वकीलों की मांगें तुरंत मानी जाएं, ताकि अदालतों का कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे और वकीलों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो।