होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- इंसाफ दी आवाज वेलफेयर सोसाइटी की ओर से पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना को पी.ए.सी.एल. कंपनी में निवेश करने वाले लाखों निवेशकों की फंसी हुई राशि वापस दिलवाने संबंधी ज्ञापन सौंपा गया। सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने खन्ना से मांग की कि पंजाब के लाखों निवेशकों की इस गंभीर समस्या को वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया जाए, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

ज्ञापन में सोसाइटी ने बताया कि पी.ए.सी.एल. कंपनी में पंजाब के लगभग 35 लाख निवेशकों का पैसा फंसा हुआ है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निवेशकों की राशि वापस करवाने के संबंध में निर्देश दिए गए थे। इस प्रक्रिया के लिए न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आर.एम. लोढ़ा की अध्यक्षता में एक कमेटी भी गठित की गई थी। लेकिन लंबे समय से प्रयासों के बावजूद निवेशकों को उनकी जमा पूंजी वापस नहीं मिल पाई है। ज्ञापन में 2 फरवरी, 2016 के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का भी उल्लेख किया गया है।

सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि पंजाब में पी.ए.सी.एल. कंपनी की लगभग 10 हजार एकड़ जमीन होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संपत्ति को बेचकर निवेशकों की लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की राशि वापस दिलाई जा सकती है। उन्होंने मांग की कि निवेशकों को उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने के लिए सरकार गंभीरता से कदम उठाए।

इस अवसर पर अविनाश राय खन्ना ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि निवेशकों के हितों और उनके साथ हुए अन्याय का मुद्दा उचित मंचों पर उठाया जाएगा। साथ ही इस विषय को भाजपा के आगामी विधानसभा चुनावों के घोषणा पत्र में शामिल करवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर सोसाइटी के अध्यक्ष मोहिंदर सिंह धांगड़, महामंत्री अभय कुमार दुबे, बलबीर सिंह जम्मू आदि भी उपस्थित थे।