गढ़शंकर- ओलंपियन जरनैल सिंह मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट कमेटी गढ़शंकर की बैठक कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलराज सिंह तूर चेयरमैन लैंड मोर्टगेज बैंक नवांशहर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 12 फरवरी को श्री गुरु रविदास जी की जयंती को ध्यान में रखते हुए 22वें राज्य स्तरीय ओलंपियन जरनैल सिंह फुटबाल टूर्नामेंट को 8 से 12 फरवरी के स्थान पर 7 से 11 फरवरी तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में 8 गांव स्तरीय, 8 कॉलेज स्तरीय और 8 क्लब स्तरीय टीमें भाग लेंगी। बैठक में आयोजकों ने गढ़शंकर ब्लॉक से संबंधित गांवों की टीम को ही टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया तथा कहा कि ग्रामीण टीम में केवल एक गांव के खिलाड़ी ही खेल सकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण श्रेणी में 8 से अधिक टीमें होंगी तो टीमों का चयन क्वालीफिकेशन राउंड के बाद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंजाब स्तर की टीमें क्लब और कॉलेज वर्ग में भाग लेंगी। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में क्लब से लेकर ग्रामीण वर्ग के मैचों तक पंजाब फुटबाल एसोसिएशन के नियमों को लागू किया जाएगा तथा किसी भी खिलाड़ी को अनुशासन का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
बैठक में बलराज सिंह तूर चेयरमैन लैंड मोर्टगेज बैंक नवांशहर, बलबीर सिंह बैंस, योग राज गंभीर, रोशनजीत सिंह पनम, रणजीत सिंह खख, शलिंदर सिंह राणा, अमनदीप सिंह बैंस, जसवंत सिंह भट्ठल, भूपिंदर सिंह सिंबली, सज्जन सिंह धमाई, संजीव कुमार डीपीई, तरलोचन सिंह गोलियां और अन्य सदस्य उपस्थित थे।