होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- डी.ए.वी. कॉलेज प्रबंधक कमेटी के प्रधान डॉ. अनूप कुमार, सचिव श्री आर.एम. भल्ला तथा बी.एड. कॉलेज के सचिव एडवोकेट श्री नवरोज शर्मा के मार्गदर्शन में और प्रिंसिपल डॉ. विधि भल्ला के नेतृत्व में चल रहे डी.ए.वी. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, होशियारपुर में चार दिवसीय पंजाब विश्वविद्यालय युवा एवं विरासती मेला 24 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक धूमधाम से मनाया जाएगा।
प्रधान डॉ. अनूप कुमार ने मेले के आयोजन के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए कहा कि इस प्रकार के विरासत आधारित मेले हमारी सभ्यता एवं संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ उसके उचित प्रसार और विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।
सचिव श्री आर.एम. भल्ला ने कहा कि ऐसे युवा उत्सव युवाओं के विकास और उनकी प्रतिभा को निखारने में अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। बी.एड. कॉलेज के सचिव एडवोकेट श्री नवरोज शर्मा ने भी मेले के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यक्रम की संयोजक एवं प्रिंसिपल डॉ. विधि भल्ला ने बताया कि कॉलेज इस बार प्रोफेशनल जोन-6 (एजुकेशन-ए) के युवा एवं विरासती मेले की मेजबानी कर रहा है, जिसमें पंजाब के लगभग 32 कॉलेज बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
मेले के पहले दिन सामूहिक शब्द और सामूहिक भजन, भारतीय सामूहिक गायन, सुगम संगीत गायन की ग़ज़ल और गीत श्रेणियां, सुगम संगीत लोकगीत गायन, भारतीय ऑर्केस्ट्रा, वाद्य संगीत में परकशन और नॉन-परकशन, शास्त्रीय गायन, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, फोटोग्राफी, कोलाज मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, रंगोली, इंस्टॉलेशन, कार्टूनिंग, स्टिल लाइफ ड्राइंग तथा पोस्टर मेकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
दूसरे दिन जनरल क्विज और विरासती प्रश्नोत्तरी, कली, वार, कविशरी, नृत्य तथा विरासती कला एवं शिल्प की प्रतियोगिताएं होंगी। तीसरे दिन रंगमंच, साहित्य तथा रचनात्मक एवं सुंदर लेखन प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। चौथे और अंतिम दिन विरासती कला एवं शिल्प के साथ-साथ झूमर, मलवई गिद्धा, लुड्डी, सम्मी, भंगड़ा और गिद्धा जैसे लोकनृत्यों की प्रतियोगिताएं होंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि मेले की मेजबानी करने के साथ-साथ कॉलेज के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी इस मेले की प्रत्येक प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेंगे।
