अमृतसर:- खडूर साहिब से सांसद और अकाली दल वारिस पंजाब दे के नेता अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए स्थानीय अदालत ने 21 नवंबर को एक दिन की कस्टडी पैरोल मंजूर की है। इसके अलावा 22 नवंबर को अस्थियां चुनने की रस्म और 23 नवंबर को भोग समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होने की अनुमति भी दी गई है।

उनके वकील एडवोकेट हरजोत सिंह मान ने बताया कि अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, अमृतसर की अदालत ने आज अमृतपाल सिंह की ओर से अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दायर याचिका पर आदेश सुनाया। अदालत ने निर्देश दिया है कि अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक हिरासत में ही उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा लाया जाए, ताकि वह अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें।

अदालत ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में 13 नवंबर को जारी किए गए पूर्व आदेश की शर्तें लागू रहेंगी। उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। मामले पर मानवीय दृष्टिकोण से विचार करते हुए अदालत ने 21 नवंबर को सीमित समय के लिए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।