करनाल, 30 सितंबर:- कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से जनभावना को हराया गया और चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2024 में किसानों को पीआर धान का ₹3100 प्रति क्विंटल भाव देने का वादा किया था, लेकिन आज तक ₹3100 की एमएसपी घोषित नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान ₹2400 की एमएसपी पर भी ₹200 से ₹400 तक की कटौती कर कच्ची पर्चियों पर धान की खरीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को ₹3100 मिलना तो दूर, कुरुक्षेत्र में किसानों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।

हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद का वादा कर रहे हैं, जबकि हरियाणा में तीन सीजन पहले पीआर धान के लिए ₹3100 प्रति क्विंटल का भाव देने का वादा किया गया था। उन्होंने मंच से मुख्यमंत्री के पुराने बयान का वीडियो भी कार्यकर्ताओं को सुनाया। उन्होंने मांग की कि धान की एमएसपी ₹2400 से बढ़ाई जाए। यदि एमएसपी नहीं बढ़ाई जाती तो हुड्डा सरकार की तर्ज पर ₹700 प्रति क्विंटल बोनस देकर धान की खरीद ₹3100 के भाव पर की जाए।

सांसद ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कबड्डी, महिला रिले, शूटिंग सहित विभिन्न स्पर्धाओं में देश को मिले पदकों में हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कॉमनवेल्थ खेलों का आयोजन गुजरात के बजाय हरियाणा में कराने की मांग भी दोहराई।

दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने साम, दाम, दंड और भेद के जरिए हरियाणा में जनभावना के विपरीत सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से किए कई वादे अब तक पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार के जरिए असीमित काला धन एकत्रित करने का भी आरोप लगाया।

हुड्डा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा हरियाणा में कथित वोट चोरी के मुद्दे को उठाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव में धांधली के आरोपों को सबूतों के साथ सामने रखा था। उन्होंने मतदान और मतगणना के आंकड़ों में कथित अंतर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और हरियाणा में दोबारा चुनाव कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान बुजुर्गों की पेंशन ₹6000 करने, महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना के तहत ₹3100 प्रतिमाह देने, ₹500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने, गरीब, एससी और बीसी परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट देने तथा एचकेआरएन कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों को पक्का करने जैसे वादे किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कई वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा विकास, प्रति व्यक्ति आय, विकास दर और निवेश के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल था। उन्होंने कांग्रेस सरकार की किसान और गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान बिजली बिल माफी, सहकारी कर्ज माफी, फसलों के उचित भाव और गरीब परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट जैसी योजनाएं लागू की गई थीं।

उन्होंने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, नशे, अपराध, भ्रष्टाचार और युवाओं के विदेश पलायन को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवा सड़कों पर हैं और सरकार की नीतियों से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

सम्मेलन में दिव्यांशु बुद्धिराजा, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पंवार, पूर्व विधायक राकेश कंबोज, पूर्व मंत्री भीम सेन मेहता, पूर्व विधायक धर्मपाल गोंदर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण राजेश वैध, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहरी पराग गाबा, सुरेंद्र नरवाल, ब्लॉक अध्यक्ष रामबीर कंबोज, तेजी मान, राजबीर शर्मा, कंवर प्रिंस, नैनपाल राणा, रामफल कमालपुर, हरीराम सम्बा, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र गौर, राजेश चौधरी, सतीश राणा, पप्पू लाठर, सोनी शर्मा, दिलशेर, रणपाल संधु, रजत लाठर, ललित अरोड़ा, अंग्रेज सैनी, कृष्ण बस्तारा, अमरजीत धीमान, नवनीत रंधावा, बलदेव शंभली और जसबीर समेत युवा कांग्रेस, सेवादल तथा एनएसयूआई के स्थानीय पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।