बलाचौर, 9 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर):- कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधान सुरिंदर छिंदा रैलमाजरा ने दिवाली के अवसर पर लगाया गया अपना बधाई बैनर फाड़े जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने वीडियो के माध्यम से अपना रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के बोर्ड उखाड़ने से विकास नहीं होता, बल्कि काम करके दिखाना पड़ता है।

सुरिंदर छिंदा ने कहा कि उन्होंने क्षेत्रवासियों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देने के लिए बैनर लगाया था, जिसे किसी शरारती तत्व ने फाड़कर नीचे गिरा दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक बैनर नहीं था, बल्कि लोगों के साथ जुड़े प्रेम और सम्मान का प्रतीक था।

उन्होंने कहा कि राजनीति में हार-जीत होती रहती है, लेकिन इस तरह दूसरों के बोर्ड उखाड़ना छोटी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ना है तो वह लोगों के काम करके आगे बढ़े, न कि बोर्ड उखाड़कर।

छिंदा रैलमाजरा ने प्रशासन से भी मांग की कि इस मामले की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत न कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोगों के अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।

अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।