डेराबस्सी, 19 नवंबर 2026 (संजीव सिंह सैनी):- पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे 'पंजाब मांगदा इंसाफ' अभियान के तहत डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के रानीमाजरा गांव में कांग्रेस पार्टी ने घर-घर जाकर प्रचार किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ओबीसी विभाग की वैचारिक सलाहकार समिति के सदस्य एवं पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता अमित बावा सैनी के नेतृत्व में 'हर गली, हर शहर कांग्रेस की लहर' कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से बातचीत की गई और उनकी समस्याएं सुनी गईं।
ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि पीने के पानी की समस्या सबसे गंभीर है, क्योंकि गांव में केवल एक ट्यूबवेल होने के कारण पानी की आपूर्ति बाधित रहती है। इसके अलावा खुले गंदे नाले के कारण गंभीर दुर्घटनाओं और मौसमी बीमारियों का खतरा हमेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने सैनी को बताया कि गांव से शहर जाने के लिए सरकारी बस सेवा न होने के कारण बच्चों को पढ़ाई के लिए आने-जाने में परेशानी होती है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से मांग की कि आगामी विधानसभा चुनावों के बाद सरकार बनने पर इन समस्याओं का समाधान किया जाए।
सैनी ने कहा कि 'पंजाब मांगदा इंसाफ' अभियान का उद्देश्य आम लोगों की आवाज सीधे पार्टी तक पहुंचाना और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और इस अभियान के माध्यम से हर घर तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से मिल रहा भारी समर्थन साबित करता है कि जनता कांग्रेस पार्टी पर पूरा भरोसा कर रही है और आगामी चुनावों में कांग्रेस को जनता का आशीर्वाद मिलेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला महासचिव विक्रम राणा, बलदेव सिंह रुड़की, गुरमीत सिंह, राजीव गांधी पंचायती राज के ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ थम्मन, जसवंत राणा, यूथ कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष परमवीर राणा, सेवादल महासचिव गुरविंदर सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
