नई दिल्ली:- दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे कॉकरेच जनता पार्टी (सीजेपी) के वरिष्ठ नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई शहर में बनाए गए सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश के बाद की गई।
इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि पार्टी नेता अजिंक्य शिंदे समेत टीम के कई अन्य सदस्यों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। दीपके ने लिखा, “राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ के साथ हमारे साथी मंगलवार सुबह जंतर-मंतर में दाखिल हुए थे, जिसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें उठाकर ले गई।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए उन्होंने आगे लिखा, “आप विपक्ष की आवाज को खत्म नहीं कर सकते।”
दीपके द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में सीजेपी के सदस्य जंतर-मंतर के गेट को फांदकर अंदर प्रवेश करते और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी तुरंत वहां पहुंचकर उन्हें काबू में करते हुए नजर आते हैं।
