करनाल, 24 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- करनाल के पुलिस अधीक्षक श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में जिला पुलिस चोरी, सेंधमारी तथा अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए असंध के इंचार्ज उप निरीक्षक सलिंदर कुमार के नेतृत्व में मुख्य सिपाही राजेंद्र सिंह की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर करीब 6 लाख रुपये की नकदी चोरी करने के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण पुत्र उमादत्त निवासी गांव गांधार, जिला रोहतक के रूप में हुई है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि थाना निसिंग में निसिंग निवासी खड्ग सिंह पुत्र मोहन लाल की शिकायत पर 8 सितंबर 2026 को चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि ओरिएंटल बैंक के पास उसकी कपूर जनरल स्टोर के नाम से कपड़े की दुकान है। 7 अगस्त 2026 की रात को वह दुकान बंद करके घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान पर पहुंचने पर शटर टूटा हुआ मिला। दुकान की जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 6 लाख रुपये की नकदी चोरी होने का पता चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए असंध की टीम ने उप निरीक्षक सलिंदर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों नरेन्द्र पुत्र नरेश निवासी बेरीखेड़ा, थाना पिल्लूखेड़ा, जिला जींद तथा हरीकेश उर्फ केसू पुत्र संजय निवासी कबूलपुर, थाना शिवाजी कॉलोनी, जिला रोहतक को गिरफ्तार किया था। दोनों को हाईवे 152-डी, असंध-जींद रोड पर गांव बाहरी के रकबे में थाना असंध क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी और चोरी के रुपयों से खरीदी गई एक गाड़ी बरामद की थी।
इसी मामले में सीआईए असंध की टीम ने अब तीसरे आरोपी प्रवीण पुत्र उमादत्त निवासी गांव गांधार, जिला रोहतक को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से संबंधित अन्य तथ्यों का पता लगाने और नियमानुसार आगामी कार्रवाई करने में जुटी है।
