करनाल, 27 जनवरी: जिला पुलिस करनाल की सीआईए असंध इकाई द्वारा ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। सीआईए असंध इंचार्ज उप निरीक्षक सुलिंदर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने उप निरीक्षक दलशेर सिंह की अध्यक्षता में कार्यवाही करते हुए खेतों से ट्रांसफार्मर चोरी करने के मामलों में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सिलिंदर पाल उर्फ भुल्लर पुत्र सुनेहर सिंह पाल निवासी गांव अमीन जिला कुरुक्षेत्र, व गुरुदेव उर्फ रंगु पुत्र हरिराम निवासी गांव डेरा सिरसमा,पिपली जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा आरोपियो के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई एक मोटरसाइकिल तथा ट्रांसफार्मर खोलने में प्रयुक्त टूल बरामद किया गया है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता शमशेर सिंह पुत्र जय सिंह द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार दिनांक 12 दिसंबर 2025 की रात्रि वह अपने खेत की ओर जा रहा था, तभी उसने देखा कि दो अज्ञात व्यक्ति खेत से ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे थे। शिकायतकर्ता द्वारा अपने परिचितों को बुलाने पर तभी आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
उक्त शिकायत के आधार पर थाना बुटाना में मुकदमा नंबर 388/2025 को संबंधित धाराओं के अंतर्गत दर्ज किया गया था।
जांच इकाई द्वारा त्वरित व गहन कार्रवाई करते हुए उक्त घटना में संलिप्त दोनों आरोपियो को काबू किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने खुलासा किया कि उन्होंने जिला करनाल के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। आरोपियो की निशानदेही पर चोरीशुदा 10 कट्टे केबल व तांबा भी बरामद किए गए हैं।
मामले में दोनों आरोपियो को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
