करनाल, 03 अक्तूबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ एवं छीनी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए-1 की टीम ने इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमीर पुत्र रूप हंस निवासी वार्ड नं. 8, इंद्री, जिला करनाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पश्चिमी यमुना नहर, इंद्री से गिरफ्तार किया।
मामले की जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि दिनांक 02 अक्तूबर 2026 को दोपहर के समय एक व्यक्ति जोकि नहर की पटरी पर जा रहा था, इसी दौरान पीछे से आए आरोपी ने उसके साथ छीना-झपटी कर उसका मोबाइल फोन छीन मौके से फरार हो गया। जिसके संबंध में स्नैचिंग की संबंधित धाराओं के तहत थाना निसिंग में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी शमीर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
