हरोली/ऊना, 19 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- जिला बाल संरक्षण अधिकारी के निर्देशानुसार चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला ऊना की ओर से नवरात्रों के दौरान मां चिंतपूर्णी मंदिर में बच्चों से संबंधित भिक्षावृत्ति एवं बाल मजदूरी की रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन की कोऑर्डिनेटर श्रीमती रीना कुमारी एवं केस वर्कर श्री सौरभ कुमार उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान टीम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया, जहां कुछ बच्चे भीख मांगते हुए पाए गए। टीम ने मौके पर ही बच्चों को समझाया तथा उनके अभिभावकों से बातचीत कर उन्हें बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व और बच्चों को भिक्षावृत्ति एवं बाल मजदूरी से दूर रखने के प्रति जागरूक किया। टीम ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए उन्हें शिक्षा एवं उचित देखभाल उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
इस दौरान टीम ने मंदिर परिसर के अधिकारी श्री संजीव प्रभाकर से भी मुलाकात की। बैठक में नवरात्रों एवं मेले के दौरान ड्यूटी के समय आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, बच्चों की बढ़ती भिक्षावृत्ति की समस्या तथा इसकी प्रभावी रोकथाम के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि मंदिर परिसर में बच्चों से भिक्षावृत्ति करवाने की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही, मेले के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने तथा जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें उचित सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
