चंडीगढ़:- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के विभिन्न स्कूलों से आए मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस मुलाकात के बारे में सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की गई पोस्ट में उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उनके ऊंचे सपने देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के बच्चे राज्य का असली भविष्य हैं। उन्हें विश्वस्तरीय शिक्षा और अच्छा माहौल उपलब्ध करवाना उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य है, ताकि बच्चे पढ़-लिखकर बड़े अधिकारी बन सकें और पूरी दुनिया में पंजाब का नाम रोशन करें। भगवंत मान ने विद्यार्थियों को मेहनत से पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि उनकी अरदासें हमेशा बच्चों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में विद्यार्थियों के सपनों और उनके भविष्य को महत्व देते हुए शिक्षा के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की बात कही।
