होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- जनगणना-2027 के तहत जिले में स्व-गणना की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त आशिका जैन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करके जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त आशिका जैन ने स्वयं भी अपनी ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की और जिलेवासियों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जनगणना विभाग के जिला प्रभारी डॉ. राधा रमण, जिला समन्वयक अंकित दलाल और नितीश तिवारी भी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने बताया कि स्व-गणना के लिए भारत सरकार का आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in उपलब्ध है, जहां नागरिक अपना मोबाइल नंबर दर्ज करके लॉगइन कर सकते हैं और पोर्टल पर पूछे गए सवालों के जवाब देकर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यह पोर्टल हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी सहित कुल 16 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार भाषा चुनकर जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने उन नागरिकों से भी अपील की, जिन्होंने स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू कर दी है, कि वे अपना फॉर्म जल्द पूरा करके अंतिम रूप से जमा करें। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद एक स्व-गणना आईडी जनरेट होगी, जिसे नागरिक सुरक्षित रखें। 1 दिसंबर 2026 से घर-घर सर्वेक्षण के लिए आने वाले गणनाकारों को यह आईडी दिखानी होगी, ताकि स्व-गणना की प्रक्रिया का सत्यापन किया जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है और इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। उन्होंने नागरिकों को सावधान करते हुए कहा कि स्व-गणना के दौरान किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन फॉर्म भरने में सहायता के लिए जिले के विभिन्न सेवा केंद्रों में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। नागरिक इन हेल्प डेस्क से सहायता प्राप्त कर सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर अपने क्षेत्र के गणनाकारों से फोन के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि जिलेवासी जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य में उत्साहपूर्वक सहयोग करेंगे और होशियारपुर स्व-गणना अभियान में देशभर में अग्रणी जिले के रूप में उभरेगा।
