रतिया, 25 दिसम्बर:- क्षेत्र में एक आढ़ती द्वारा किसानों को पहले क्लियर चिट देने के बाद उनके खाली चेकों का ग़लत इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये के झूठे मुकदमे दर्ज करवाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी से प्रभावित दर्जनों किसान परिवार आज गहरे आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं।
इस अन्याय के ख़िलाफ़ पीड़ित किसान और किसान यूनियनें एकजुट होकर संघर्ष के लिए लामबंद हो गई हैं।
29 दिसंबर को पीड़ित किसान और भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहा) के नेता एसडीएम रतिया से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करेंगे।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द न्याय नहीं दिया गया, दोषी आढ़ती के खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई नहीं हुई और झूठे मामलों को रद्द नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी प्रशासन की होगी।
भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहा) किसानों के हक़ और इंसाफ़ के लिए पूरी ताक़त से संघर्ष करती रहेगी।