अंबाला, 18 नवंबर (आर. सिंह):- भारत विकास परिषद की महर्षि दयानंद शाखा, अंबाला शहर ने महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस को समर्पित भाषण प्रतियोगिता आयोजित की। यह कार्यक्रम शाखा संरक्षक प्रदीप गोयल, सह-संरक्षक दीपक राय आनंद और विवेक गुप्ता तथा प्रधान चमन अग्रवाल के मार्गदर्शन में करवाया गया। प्रतियोगिता में बारह स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया और अपने भाषणों के माध्यम से गुरु तेग बहादुर जी के महान जीवन, त्याग तथा मानवता की रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम में पवित्र सिंह बाजवा मुख्य अतिथि और दिनेश कांत जिंदल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में जत्थेदार इंद्रपाल सिंह, रविंदर पाल सिंह और परमजीत कौर शामिल थे। प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार एस.ए. जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दिलप्रीत कौर ने प्राप्त किया। अब वह शाहाबाद में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी। सोहन लाल डीएवी स्कूल की इशविंदर कौर ने दूसरा और केपीए स्कूल की नव्या ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रोत्साहन पुरस्कार केपीए स्कूल की पलक को दिया गया।

इस अवसर पर जत्थेदार इंद्रपाल सिंह खालसा ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन तथा धर्म और मानवता की रक्षा के लिए उनके महान बलिदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को गुरु जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शाखा संरक्षक प्रदीप गोयल, प्रधान चमन अग्रवाल, सचिव अंकुर गोयल, महिला समन्वयक मंजू अग्रवाल, परियोजना प्रमुख मुकेश एबट, अजय अग्रवाल, राकेश जिंदल, राकेश शर्मा, पवन चौधरी, शैलेंद्र अरोड़ा, अतुल आहूजा, मिनी शर्मा और संगीता आहूजा उपस्थित रहे। अंत में प्रधान चमन अग्रवाल ने सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को गुरु तेग बहादुर जी के अतुलनीय बलिदान, साहस और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के संदेश से परिचित करवाना है।