हांसी (दिनकर गावड़ी):- भाजपा हांसी मंडल में जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन के प्रवास के दौरान मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष अशोक सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, बूथ एवं शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना ने जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन को मंडल पदाधिकारियों, बूथ समिति सदस्यों, शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं से परिचित करवाया। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, निरंतर सहयोग और समर्पित कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और संगठन के प्रति निष्ठा ही भाजपा की असली ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह से कार्य करने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने अपने संबोधन में संगठनात्मक संरचना को मजबूत बनाने और प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का परिश्रम और जनता के साथ सीधा संपर्क संगठन की मजबूती का आधार है। पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन ने बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक बूथ पर नियमित जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन आवश्यक है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए कार्यकर्ताओं की सराहना की।

एसआईआर के मुद्दे पर प्रतिभा सुमन ने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाकर देश में अराजकता और अशांति का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जनता तक सही जानकारी पहुंचाना और किसी भी प्रकार के भ्रम को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यों के आधार पर लोगों को जागरूक करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति विश्वास बनाए रखने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जिला मीडिया प्रभारी विक्रम चोपड़ा ने बताया कि जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन जिले के विभिन्न मंडलों में प्रवास कर संगठनात्मक बैठकें कर रही हैं। इन बैठकों में बूथ से मंडल स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर कार्यक्रमों की समीक्षा करने तथा आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस बैठक में जिला महामंत्री बिजेंद्र लोहान, महेश शर्मा, मनजीत सिंह जांगड़ा, पुनीत मदान, सोनू जांगड़ा, हर्ष सैनी, शिवम शर्मा, पंकज कोचर, रमेश मदान, अक्षय शर्मा, अनिल आर्य, वरुण, राजू चायल, संजय धमीजा, संजय ग्रोवर, संदीप सैनी, अजय मुंजाल, प्रवीण खटीक, राहुल नागपाल, लवकेश भारद्वाज, हुकम ठाकुर, मुकेश जडेजा, जगबीर ढांडा, अनिल सेठी, दीपक कथूरिया, भारत भूषण एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।