हांसी: सड़क हादसों में होने वाली अनमोल जिंदगियों की क्षति को रोकने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय जरा सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाना चाहिए। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि "खून की जरूरत देश को है, सड़कों को नहीं।"
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय चालक की एक छोटी सी गलती न केवल उसकी अपनी जिंदगी को खतरे में डालती है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों और उनके परिवारों के लिए भी गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। सड़क हादसे में किसी व्यक्ति की जान जाने से एक पूरा परिवार प्रभावित होता है। इसलिए वाहन चलाते समय जल्दबाजी और लापरवाही से बचें तथा सुरक्षित सफर को प्राथमिकता दें।
एसपी द्वारा जारी एडवाइजरी में वाहन चालकों के लिए विशेष हिदायतें दी गई हैं :
नशे में वाहन न चलाएं: शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन करके वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। नशे की हालत में वाहन चलाने से स्वयं के साथ दूसरों की जान भी खतरे में पड़ती है।
नाबालिगों को वाहन न दें: अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए बिल्कुल न दें। बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग करें: दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी निर्धारित मानकों के अनुरूप हेलमेट पहनें। हेलमेट दुर्घटना के समय सिर में गंभीर चोट लगने के खतरे को कम करता है।
सीट बेल्ट जरूर लगाएं: चारपहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों को सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए। यह दुर्घटना के समय चोट की गंभीरता कम करने में सहायक है।
तेज रफ्तार से बचें: वाहन हमेशा निर्धारित गति सीमा के अनुसार चलाएं। तेज गति में वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका बढ़ जाती है।
मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें: वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना, मैसेज पढ़ना या अन्य गतिविधियां करना दुर्घटना का कारण बन सकता है। अपना पूरा ध्यान सड़क पर रखें।
गलत दिशा में वाहन न चलाएं: ओवरटेक करते समय सावधानी बरतें और यातायात संकेतों का पालन करें। गलत दिशा में वाहन चलाने से आमजन की जान को खतरा हो सकता है।
वाहन चलाते समय पर्याप्त सावधानी बरतें: वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें, सड़क संकेतों का ध्यान रखें तथा पैदल यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा का भी ख्याल रखें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। हांसी पुलिस द्वारा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने और आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से विशेष अपील की कि वे अपने बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में समझाएं।
एसपी ने आमजन से आह्वान किया कि वाहन चलाते समय अपनी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचने को प्राथमिकता दें। कुछ मिनट बचाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में न डालें। याद रखें, घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है। आपकी सावधानी ही आपके परिवार की खुशियों की सुरक्षा है। यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित चलें और सड़क हादसों को रोकने में हांसी पुलिस का सहयोग करें।
