हरोली/ऊना, 19 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- हरोली क्षेत्र के कुठारबीत निवासी जसवंत राय की घर वापसी को लेकर परिवार की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं। विदेश में पैरालिसिस अटैक के बाद गंभीर हालत से जूझ रहे जसवंत राय को वापस भारत लाने के लिए भाजपा नेता पुनीत मोदगिल के आर्मेनिया पहुंचने की जानकारी सामने आई है। जसवंत राय की मां जसवीर कौर ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा करते हुए पुनीत मोदगिल का आभार व्यक्त किया है।

जसवीर कौर के अनुसार, पुनीत मोदगिल ने आर्मेनिया पहुंचकर उनके बेटे से फोन पर बात भी करवाई। लंबे समय से बेटे की सलामती और घर वापसी की चिंता में परेशान मां के लिए बेटे से बात होना बड़ी राहत लेकर आया है। बेटे की आवाज सुनने के बाद जसवीर कौर के मन में उसके सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद और मजबूत हुई है।

जसवीर कौर ने इस कठिन समय में मदद के लिए आगे आने पर पुनीत मोदगिल का धन्यवाद किया। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही जसवंत राय की सुरक्षित वापसी का रास्ता साफ होगा और वे अपने परिजनों के बीच लौट सकेंगे।


पंचायत की ओर से एकत्रित राशि पर भी दिया बयान

जसवीर कौर ने सोशल मीडिया पर पंचायत की ओर से जसवंत राय की मदद के लिए एकत्रित की गई राशि को लेकर भी स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से जसवंत राय के नाम पर जो राशि एकत्रित की गई थी, वह पंचायत के पास ही है और उन्हें यह राशि प्राप्त नहीं हुई है।

फिलहाल जसवंत राय की मां और परिवार की निगाहें उनकी सुरक्षित घर वापसी पर टिकी हैं। लंबे समय से बेटे के लौटने की राह देख रही मां को अब उम्मीद है कि मदद के प्रयासों से उनका बेटा जल्द घर पहुंच सकेगा।