होशियारपुर:- दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा एवं श्री प्राणेश्वर महादेव मंदिर, बिन्जों की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्री राम कथामृत का आयोजन किया गया। कथा के दूसरे दिन में साध्वी सुश्री मनस्विनी भारती जी ने अपने प्रभावशाली एवं भावपूर्ण प्रवचनों के माध्यम से उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान से अवगत करवाते हुए प्रभु भक्ति के रंग में रंग दिया।
आगे साध्वी जी ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य संवाद का सुंदर वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान शिव ने माता पार्वती को श्रीराम कथामृत का श्रवण करवाया। श्रीराम के दिव्य चरित्र एवं महिमा को सुनकर माता पार्वती प्रभु भक्ति में पूर्णतः रंग गईं। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि मानव जीवन को आदर्श, मर्यादा, प्रेम एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाली दिव्य जीवनशैली है।
इसके पश्चात साध्वी जी ने भगवान श्रीराम के पावन जन्मोत्सव का अत्यंत सुंदर, भावपूर्ण एवं आनंदमयी वर्णन किया। जैसे ही श्रीराम जन्म का प्रसंग आया, पूरा कथा 
पंडाल "जय श्रीराम" के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान हो उठा। साध्वी जी ने सभी श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को अत्यंत हर्ष, उल्लास एवं भक्ति भाव के साथ मनाया।
कथा के मध्य मंच द्वारा प्रस्तुत किए गए भक्तिमय भजनों की मधुर श्रृंखला ने वातावरण को और अधिक भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे तथा प्रभु भक्ति में लीन होकर नृत्य करते हुए श्रीराम के जयकारे लगाने लगे। संपूर्ण कथा पंडाल भक्ति, उल्लास एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम के समापन श्री आरती के साथ हुआ।आरती में विशेष रूप में सभी मंदिर कमेटी के सदस्य ओर भारी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित हुए। इसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रेमपूर्वक लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने प्रसाद स्वरूप लंगर ग्रहण किया।