करनाल, 9 नवंबर:- जिले के नलवीपार गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक युवक की ज़िंदगी की सबसे खुशहाल रात ठगी का खौफनाक सपना बन गई। शादी के नाम पर उसे ऐसा धोखा मिला कि सुहाग की सेज से पहले ही दुल्हन उसके घर की तिजोरी साफ कर फरार हो गई।
मामला नलवीपार गांव का है, जहां एक युवक ने पुलिस में शिकायत दी है कि कुछ लोगों ने उसे शादी के झांसे में फंसाकर ठगा। शिकायत के मुताबिक, कुछ महीने पहले उसके भाई की मुलाकात उत्तर प्रदेश में एक शादी समारोह के दौरान गुरमीत नामक व्यक्ति से हुई थी। वहीं, गुरमीत ने उसे अपनी परिचित बलविंदर कौर और एक युवती सिमरन से मिलवाया। उन्होंने बताया कि सिमरन उनके रिश्तेदार जीत सिंह की बेटी है और उसका रिश्ता पीड़ित से करवाया जा सकता है।
29 अक्टूबर को आरोपी सिमरन, बलविंदर कौर और उनके साथी गांव नलवीपार पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारे में धूमधाम से शादी करवाई। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन शादी के अगले ही दिन कहानी में मोड़ आ गया।
रात करीब 12:30 बजे सिमरन ने खाना बनाते समय उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद युवक और उसकी मां दोनों बेहोश हो गए। जब अगली सुबह होश आया, तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे ₹93,000 नकद गायब थे। इसके साथ ही नई दुल्हन सिमरन और उसके साथी भी लापता थे।
पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस ने चार लोगों  सिमरन, गुरमीत, बलविंदर कौर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह एक सुनियोजित ठगी गैंग का मामला लग रहा है, जो शादी के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर ठगता है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।