ऊना, 27 अक्टूबर:- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत जिला ऊना के विभिन्न विद्यालयों में बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने दी।

इसी कड़ी में मंगलवार को जिला ऊना के एएनएम इंटरनेशनल स्कूल टाहलीवाल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंधला, जे.एस. विजडम स्कूल फ्रेंड्स कॉलोनी ऊना, डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना, रॉकफोर्ड पब्लिक स्कूल रक्कड़ कॉलोनी, गुरुकुल पब्लिक स्कूल पक्का परोह तथा गोकुल स्कूल पक्का परोह में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन सभी विद्यालयों में “मेरा बचपन, मेरा अधिकार” तथा “कानून जानो, बचपन बचाओ” विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों तथा किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न एवं बाल अधिकारों के उल्लंघन के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना है।

इन कार्यक्रमों का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल तथा संबंधित न्यायिक अधिकारियों द्वारा किया गया। इनमें न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (I), ऊना ईशा अग्रवाल, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (II), ऊना शिविक घई, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (III), ऊना अनुलेखा तंवर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अम्ब जतिंदर सिंह तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (III), अम्ब की सहभागिता रही।

इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना के पैनल अधिवक्ता भी अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों तथा बच्चों के लिए उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जागरूक कर रहे हैं। वे बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

सचिव ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से भी बाल अधिकारों, बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा बच्चों के लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण एवं सहायता तंत्र के संबंध में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा बाल संरक्षण के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने बताया कि सुरक्षित बचपन अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा बाल अधिकारों के संरक्षण में विद्यालयों, अभिभावकों, पैनल अधिवक्ताओं, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।