जीरकपुर (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 3 अक्तूबर:- पंजाब सरकार के सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए राज्य कार्य योजना 2026-27 के तहत चलाई जा रही ‘साडे बुजुर्ग साडा मान’ मुहिम के तहत कल जीरकपुर में जागरूकता शिविर लगाया गया।

शिविर में वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन के सदस्यों के अलावा क्षेत्र के नगर पार्षदों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर परिषद जीरकपुर के अध्यक्ष श्री गुरप्रीत सिंह विर्क ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इस अवसर पर एडवोकेट आरती शर्मा ने ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को इस कानून के तहत मिलने वाले अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी सहायता के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

शिविर के दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, मोहाली, श्रीमती नवदीप कौर ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 9 अक्तूबर 2026 को गुरुद्वारा साहिब बिशनपुरा, एम.सी. रोड, जीरकपुर में विशेष मेडिकल कैंप लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कैंप के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष मेडिकल कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार के सदस्यों तथा अन्य बुजुर्गों को भी इसके संबंध में जानकारी दें।

शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी प्रावधानों और उन्हें उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी साझा की गई।