करनाल, 20 सितंबर: देश और प्रदेश के जाने-माने ज्योतिषाचार्य ए.सी. शर्मा ने कहा है कि देश को अशांति, राजनीतिक उथल-पुथल और जल-प्रलय जैसी स्थितियों से अभी मुक्ति नहीं मिलेगी। इस साल के अंत तक देश के एक बड़े राजनेता के निधन के संकेत मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ज्योतिषीय गणना के अनुसार 2029 तक प्रधानमंत्री बने रहेंगे। वहीं, राज्य में मौजूदा मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी अपने दो कार्यकाल पूरा करेंगे। वे आज खास बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि श्राद्ध पक्ष के प्रारंभ में चंद्रग्रहण का पड़ना देश और संसार के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि सूर्यग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए इसका प्रभाव भारत में नहीं पड़ेगा। लोग अपने पितरों का श्राद्ध अमावस्या को करना उचित रहेगा।
श्री शर्मा ने कहा कि ‘श्राद्ध’ का अर्थ है श्रद्धा से किया गया कार्य। उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति पर तीन प्रकार के ऋण होते हैं — पितृ ऋण, देव ऋण और ऋषि ऋण। इनमें से पितृ ऋण सबसे महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने कहा कि इस साल अकाल मृत्यु सबसे अधिक हुई हैं और धर्मस्थलों पर सबसे अधिक हादसे हुए हैं। इसका प्रमुख कारण धर्म के तीन स्तंभों का गिरना है। धर्म चार स्तंभों पर टिका है, जिसमें चौथा स्तंभ भी कमजोर हो चुका है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर और दक्षिण भारत में जल-प्रलय, हादसे, भूकंप, अग्निकांड और अशांति-उपद्रव जैसी स्थितियां बनेंगी। विश्व में युद्ध जैसे हालात पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि इस संवत का राजा और सेनापति मंगल है और चंद्रमा का ज्यादा प्रभाव है। इसलिए बादल फटना, चट्टानें खिसकना जैसी घटनाएं हो रही हैं। भारत को एक और युद्ध का सामना करना पड़ सकता है।
श्री शर्मा ने कहा कि नवरात्रि में लोगों को भक्ति करनी चाहिए। धर्म-कर्म और भारत में विश्वास ही हमें संकट से मुक्ति दिला सकता है। भारत में आज भी धर्म का स्तर अन्य देशों से अधिक श्रेष्ठ है।
श्री शर्मा अब तक सौ से अधिक सटीक भविष्यवाणियां कर चुके हैं। उन्होंने 2013 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की भविष्यवाणी की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र और राज्य में सत्ता में रहने का रिकॉर्ड बनाएगी। इसके अलावा उन्होंने करनाल और अन्य राज्यों को लेकर भी सटीक भविष्यवाणियां की हैं।