चंडीगढ़, 19 नवंबर:- हरियाणा सरकार राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीक और कौशल से लैस करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को नवीनतम और उन्नत मशीनों से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि इन संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करके निकलने वाले युवाओं को प्रतिष्ठित उद्योगों में अच्छे वेतन पर नौकरी मिल सके या वे अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें।
इसी कड़ी में आज युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की ओर से बुलाई गई विभागीय हाई पावर परचेज कमेटी (डीएचपीपीसी) की बैठक में वेल्डिंग और इससे संबंधित 315 आधुनिक उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री श्री गौरव गौतम ने की। इन उपकरणों की खरीद पर 1.80 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
बैठक में जिन प्रमुख उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई, उनमें 300 एम्पियर क्षमता की वाटर-कूल्ड टॉर्च सहित एसी/डीसी जीटीएडब्ल्यू वेल्डिंग मशीन, 400 एम्पियर क्षमता की जीएमएडब्ल्यू वेल्डिंग मशीन, स्पॉट वेल्डिंग मशीन, एयर प्लाज्मा कटिंग उपकरण, एयर प्लाज्मा कटिंग सिस्टम के अनुकूल एयर कंप्रेसर, सभी आवश्यक सहायक उपकरणों सहित डी.सी. आर्क वेल्डिंग रेक्टिफायर सेट और आर्क वेल्डिंग टेबल शामिल हैं।
बैठक के बाद मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को व्यावहारिक और आधुनिक कौशल प्रदान करके उन्हें स्वरोजगार तथा अच्छी नौकरी के लिए तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से प्रदेश की आईटीआई में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग के अनुरूप उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने में काफी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक श्री राजीव रतन, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निदेशक श्री पार्थ गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक श्रीमती कमलप्रीत कौर, सहायक निदेशक श्री मुकेश मोंगिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
