चंडीगढ़, 18 नवंबर:- माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, हरियाणा, पंचकूला के निर्देशों के अनुसार, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा 26 और 27 दिसंबर, 2026 को हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (एचटेट) के लेवल-1, 2 और 3 का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के लिए आवेदन फॉर्म 18 नवंबर, 2026 से ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं। परीक्षा से संबंधित सूचना बुलेटिन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर और समझकर 27 नवंबर, 2026 को रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए एक लेवल में आवेदन करने वाले उम्मीदवार को 1,200 रुपये, दो लेवल के लिए 2,000 रुपये और तीनों लेवल के लिए 2,600 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसी प्रकार, हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित उम्मीदवारों और दिव्यांग उम्मीदवारों को एक लेवल के लिए 700 रुपये, दो लेवल के लिए 1,100 रुपये और तीनों लेवल के लिए 1,400 रुपये शुल्क देना होगा।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने से पहले उम्मीदवार सूचना बुलेटिन में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और समझें तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क सफलतापूर्वक जमा करने के बाद उम्मीदवार पुष्टि पृष्ठ (Confirmation Page) का प्रिंट लेना सुनिश्चित करें।
श्री धूपड़ ने आगे बताया कि उम्मीदवार अपने विवरणों अर्थात नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, फोटोयुक्त पहचान-पत्र, आधार नंबर और विषय के चयन (लेवल 2 और 3) में 28 और 29 नवंबर, 2026 को ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के बाद ऑनलाइन संशोधन की अनुमति नहीं होगी और इस संबंध में किसी भी माध्यम से कोई अनुरोध या प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बाद लेवल, जाति वर्ग, गृह राज्य और शारीरिक दिव्यांगता से संबंधित विकल्पों में कोई बदलाव या संशोधन करने की अनुमति नहीं होगी। ई-मेल, पत्र या अन्य माध्यमों से प्राप्त अनुरोधों पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि यदि कोई उम्मीदवार एक पंजीकरण के बाद किसी अन्य लेवल की परीक्षा देना चाहता है, तो वह उसी पंजीकरण के तहत दूसरे लेवल के लिए आवेदन कर सकता है। यदि कोई उम्मीदवार एक ही लेवल के लिए एक से अधिक आवेदन करता है, तो उसका आवेदन और उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।
उन्होंने उम्मीदवारों को सलाह दी कि वे नवीनतम जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण और अत्यावश्यक सूचना से वंचित न रहें। आवेदकों को यह भी सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना आवेदन प्रक्रिया तुरंत पूरी कर लें। ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर उम्मीदवार मोबाइल नंबर 9001837558 या ई-मेल आईडी [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।
