होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- माननीय उपायुक्त-कम-प्रधान, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, होशियारपुर, श्रीमती आशिका जैन, आईएएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा मोहल्ला ईश नगर, होशियारपुर में ‘सांझी रसोई’ का संचालन किया जा रहा है। इस रसोई के माध्यम से आम लोगों को मात्र 10 रुपये प्रति थाली की मामूली दर पर दोपहर का पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। यहां हर रोज 500 से अधिक जरूरतमंद लोग भोजन का लाभ उठा रहे हैं।

रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव श्री मंगेश सूद ने बताया कि इस नेक पहल को लगातार जारी रखने और इसमें आम जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए सोसायटी द्वारा ‘बुक-ए-डे’ पहल चलाई जा रही है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति 5,100 रुपये का योगदान देकर अपने परिवार के सदस्यों या प्रियजनों के नाम पर सांझी रसोई का एक दिन बुक करवा सकता है। लोग इस पहल के माध्यम से अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह या किसी दिवंगत पारिवारिक सदस्य की मधुर स्मृति में भोजन सेवा करके इन विशेष अवसरों को यादगार बना सकते हैं। जन्मदिन के अवसर पर रेडक्रॉस की ओर से सांझी रसोई में केक काटने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाता है।

इसी कड़ी में आज चंडीगढ़ निवासी श्री अजयेश गुप्ता ने अपने पुत्र उदय गुप्ता के जन्मदिन के अवसर पर ‘बुक-ए-डे’ के तहत सांझी रसोई के लिए 5,100 रुपये का योगदान दिया।

रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव श्री मंगेश सूद ने आम जनता से इस नेक कार्य से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल सांझी रसोई को आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं, बल्कि हमारी व्यक्तिगत खुशियों और यादों को समाज सेवा से भी जोड़ते हैं।