हांसी (दिनकर गावड़ी):- राखीगढ़ी महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में गांव राखी के बस अड्डे के पास सड़क पर जलभराव की समस्या का प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता से समाधान करवाया। जलभराव के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों के प्रयासों और स्थानीय किसान के सहयोग से पानी की निकासी का अस्थायी प्रबंध कर समस्या का समाधान कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 19 से 25 अक्टूबर 2026 तक राखीगढ़ी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर 13 अक्टूबर को अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान गांव राखी के बस अड्डे के समीप सड़क पर जलभराव की समस्या सामने आने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग की सड़क से पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए थे, ताकि महोत्सव के दौरान आमजन और आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में 15 अक्टूबर को जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज तथा बीडीपीओ अशोक कुमार के नेतृत्व में खंड कार्यालय के ग्राम सचिवों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास किए।

मौके पर अधिकारियों ने गांव के स्थानीय निवासी एवं किसान बिरजू से संपर्क कर खेत में पानी की निकासी के लिए सहयोग का आग्रह किया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुरोध पर किसान बिरजू ने अपने खेत में पानी उतारने की सहमति प्रदान की। इसके बाद मौके पर ही पानी की निकासी का अस्थायी प्रबंध किया गया और जलभराव की समस्या का समाधान कर दिया गया।

प्रशासन के इस त्वरित प्रयास से सड़क पर जलभराव के कारण आमजन को हो रही परेशानी दूर करने में मदद मिली है। साथ ही, राखीगढ़ी महोत्सव के आयोजन से पहले संबंधित क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

इस दौरान ग्राम सचिव अमित कुमार, मनोज कुमार, प्रवीण कुमार तथा कनिष्ठ अभियंता योगेश मुंजाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।