जालंधर, 9 जुलाई:- आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को नारी निकेतन का दौरा किया। संस्थान में पहुंचने पर उनका स्वागत नारी निकेतन ट्रस्ट की महासचिव गुरजोत कौर और ट्रस्टी सीमा चोपड़ा ने किया और उन्हें नारी निकेतन द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा वहां रहने वाले बच्चों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मनीष सिसोदिया ने संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी हासिल की और संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की भरपूर सराहना की।
इस अवसर पर उन्होंने सभी बच्चों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने नारी निकेतन के शिशु गृह का दौरा किया और छोटे बच्चों को देखकर उन्हें गोद में उठाकर प्यार किया। ट्रस्टियों ने 'आप' नेता को बड़े बच्चों द्वारा किए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने संस्थान में काम करने वाले स्टाफ सदस्यों से भी मुलाकात की और उनके कामकाज के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने नारी सशक्तिकरण संबंधी योग सत्र के दौरान विभिन्न आसनों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मनीष सिसोदिया ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने ए.एन. गुजराल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दौरा किया और बड़ी कक्षाओं के साथ-साथ के.जी. विंग का भी निरीक्षण किया। क्लास में विद्यार्थियों से मिलकर उनकी पढ़ाई के बारे में जाना। उन्होंने स्मार्ट क्लास रूम और कंप्यूटर लैब भी देखी। विद्यार्थियों ने मनीष सिसोदिया का प्लांटर और हाथ से तैयार किया गया कार्ड देकर स्वागत किया, जिस पर 'आप' नेता ने विद्यार्थियों की हौसला-अफजाई करते हुए उनकी सराहना की। स्कूल की प्रिंसिपल ज्योति ने स्कूल में विद्यार्थियों को दी जा रही आधुनिक सुविधाओं के बारे में बताया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा कि नारी निकेतन द्वारा बेसहारा बच्चों को न केवल सहारा दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें माता-पिता से भी अधिक प्यार दिया जा रहा है। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उनका रहन-सहन देखकर लगता ही नहीं कि उन्हें किसी तरह की कोई कमी है। उन्होंने संस्थान के प्रबंधकों की सराहना करते हुए कहा कि यहां बहुत बढ़िया प्रबंध किए गए हैं और बच्चों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। इस अवसर पर उनके साथ आम आदमी पार्टी के जिला शहरी अध्यक्ष अमृतपाल सिंह भी मौजूद थे।